Haryana: Home Minister Anil Vij orders action on ASI on complaint of woman

गृहमंत्री को एएसआई की जानकारी देती असंध से आई महिला।


हरियाणा के अंबाला में गृहमंत्री अनिल विज के जनता दरबार में पहुंची महिला ने एक एएसआई पर भाई को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि भाई की पिटाई के मामले में केस दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टे जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार की ओर से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।

हद तब हो गई जब इस संबंध में शनिवार को शिकायत लेकर महिला गृहमंत्री के दरबार में पहुंची तो फिर आरोपी एएसआई ने वीडियो काल कर उसे धमकाया। मामला संज्ञान में आने के बाद गृहमंत्री अनिल विज ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एसपी करनाल को फोन पर निर्देश दिए कि ऐसे एएसआई के शुद्धिकरण को लेकर तुरंत कार्रवाई करें, अन्यथा उन्हें कार्रवाई करनी पड़ेगी।

अंबाला कैंट के पीडब्लयूडी विश्राम गृह में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री की ओर से शनिवार को जनता दरबार लगाया गया था। इस दौरान असंध से आई महिला कोमल ने गृहमंत्री को दी शिकायत में बताया कि कुछ युवकों ने तीन माह पहले उसके भाई की पिटाई की थी, जिसमें पुलिस रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन आरोप है कि मामले में कार्रवाई करने की बजाय पुलिस भाई और परिजनों को प्रताड़ित कर रही है।

पूरा वाकया सुन गृहमंत्री का पारा हाई हो गया, उन्होंने मामले में एसपी को फोन कर संबंधित एएसआई के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस दौरान प्रदेशभर से सैकड़ों फरियादी गृहमंत्री दरबार में पहुंचे। साथ ही समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। गृहमंत्री ने भी फरियादियों की समस्याएं सुन खुद संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों से बात की तो कुछ में मौके पर ही मौजूद पुलिस उप अधीक्षकों को त्वरित व उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिला ने की शिकायत तो बोले विज-मेरे रहते कौन बदमाश पैदा हो गया…

पेहवा से आई महिला रितू ने गृहमंत्री को बताया कि उसके मकान पर एक बदमाश ने कब्जा कर लिया है और उसे पुलिस से न्याय नहीं मिल रहा। गृहमंत्री ने तुरंत एसपी कुरुक्षेत्र को फोन पर निर्देश दिए। कहा कि मेरे रहते कौन बदमाश पैदा हो गया है जो लोगों को परेशान कर रहा है। ऐसे बदमाश का तुरंत इलाज करो और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करो।

निजी चिकित्सक ने सीएमओ पर लगाए वसूली के आरोप

हांसी से आए डॉ. साहिल ने बताया कि पिछले महीने उसने अपने अस्पताल में एक महिला की डिलीवरी कराई थी जो कि गंभीर हालात में थी। इस दौरान जच्चा व बच्चा की जान को खतरा था। साधारण डिलीवरी से बच्चा पैदा हुआ और अब ठीक हैं। लेकिन अब इस मामले को तूल दिया जा रहा है। टीम को भेजकर उसके अस्पताल पर कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। डाक्टर ने आरोप लगाए कि सीएमओ उससे पांच लाख रुपये ले चुका है और 10 लाख रुपये की और मांग कर रहा है। गृहमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के एसीएस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

लीवर ट्रांसप्लांट पर खर्च हुए 35 लाख, बिल पास हो रहा 8.50 हजार का

सिरसा से पहुंची अनीता मल्होत्रा ने बताया कि उसके पति सिंचाई विभाग में काम करते थे। उसने मदुरई से लीवर ट्रांसप्लांट करवाया है और इस पर लगभग 35 लाख रुपये खर्च हुए हैं, लेकिन सिंचाई विभाग सिर्फ 8.50 हजार का बिल पास कर रहा है। इस पर गृहमंत्री ने तुरंत विभागीय अधिकारी से बात की और पीजीआई की तर्ज पर मिलने वाले 15 लाख रुपये देने के निर्देश दिए।

Share.
Exit mobile version