सांकेतिक तस्वीर बारिश के दौरान गुजरते वाहन।
–
हरियाणा में मई माह में 52.4 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 161 प्रतिशत ज्यादा है। इसके साथ ही इस माह में बारिश का 11 वर्षों का रिकॉर्ड भी टूट गया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक इस बार ऊपरी वायुमंडल में चलने वालीं जेट धाराओं का रुख दक्षिणी होने के कारण पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय हो रहे हैं, जिस कारण ज्यादा बारिश हो रही है। इस माह में 5 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए हैं, जो 12, 16, 22, 26 व 29 मई को सक्रिय हुए हैं।
11 वर्षों में बारिश का आंकड़ा
वर्ष बारिश एमएम में
- 2023 52.4
- 2022 34.5
- 2021 45.1
- 2020 42.1
- 2019 17.4
- 2018 10.8
- 2017 10.1
- 2016 27.8
- 2015 08.6
- 2014 19.9
- 2013 01.4
आगे ऐसा रहेगा मौसम
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 29 मई को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ गुजर गया है। वीरवार अल सुबह उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली 1 व 2 जून को तेज गति से हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियों की संभावना बन रही है। हालांकि एक और कमजोर श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ 4 जून को भी सक्रिय होने और साथ ही अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने बनने से 4 से 6 जून के दौरान प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्र में बादलवाही और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार 9वें दिन हुई बारिश
प्रदेश में पिछले 8 दिनों से हो रही बारिश का दौर 9वें दिन बुधवार को भी जारी रहा। इस दौरान सुबह से शाम तक प्रदेश के महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कैथल, जींद, सिरसा, फतेहाबाद व हिसार सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब पर बना हुआ है। साथ ही साथ एक कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है, जिस कारण बारिश की गतिविधियों को दर्ज किया जा रहा है। बुधवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 25.0 से 31.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 16.0 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.0 से 22.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है जो सामान्य 8.0 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। बुधवार को नौतपा का सातवां दिन था और यह भी ठंडा रहा।