सागर : सागर जिले की वर्षों पुरानी मांग अब धरातल पर उतरती प्रतीत हो रही है। लंबे समय से लंबित सागर एयरपोर्ट की स्थापना को लेकर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र को भेजे गए प्रस्ताव के उपरांत उम्मीदें अत्यंत बलवती हो गई हैं। भोपाल पहुंचे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से स्थानीय विधायक शैलेंद्र जैन की सौजन्य भेंट एवं (finally a new airport will be built in Sagar) विस्तृत परिचर्चा के बाद परियोजना की भावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।
एयरपोर्ट स्थापना को लेकर हुई उच्चस्तरीय वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि मध्य प्रदेश के 10 प्रमुख शहरों में एयरस्ट्रिप को पूर्ण विकसित एयरपोर्ट के रूप में उन्नत करने की कार्ययोजना स्वीकृत है। इस सूची में सिंगरौली के उपरांत सागर का नाम द्वितीय प्राथमिकता पर रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सागर में नए सिरे से एयरपोर्ट तैयार किया जाएगा, क्योंकि मौजूदा ढाना एयरस्ट्रिप (Dhana Airstrip) पर रनवे विस्तार हेतु पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं है।
बुंदेलखंड में पर्यटन, व्यापार व आईटी क्षेत्र को लगेंगे पंख
सागर में नया एयरपोर्ट क्रियाशील होने से यह खजुराहो के उपरांत बुंदेलखंड अंचल का दूसरा बड़ा एवं आधुनिक एयरपोर्ट सिद्ध होगा।मध्य प्रदेश के केंद्र बिंदु में स्थित होने के कारण सागर से देश के चारों प्रमुख महानगरों (दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई) के लिए सीधी एयर कनेक्टिविटी स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय व्यापार, उद्योग, पर्यटन, उच्च शिक्षा, सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं एवं आईटी प्रोफेशनल्स को अभूतपूर्व प्रोत्साहन प्राप्त होगा।


