दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की चर्चित ‘लेडी डॉन’ के नाम से कुख्यात जसबीर कौर (Durg Crime News) ने एक बार फिर पुलिस और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार होने की कोशिश की। जसबीर कौर ने बुधवार को अपने छोटे बच्चे के इलाज का बहाना बनाया और दुर्ग जिला अस्पताल पहुंची। वहां मौका मिलते ही वह तैनात सुरक्षाकर्मियों (जेल प्रहरियों) की आंखों में धूल झोंक कर भागने में कामयाब रही। हालांकि, घटना के तुरंत बाद अलर्ट मोड पर आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे महज एक घंटे के भीतर दोबारा धर दबोचा।
बच्चे की बीमारी का बनाया था बहाना
उल्लेखनीय है कि जसबीर कौर को भारी मात्रा में हेरोइन तस्करी के गंभीर आरोप में बीते 19 सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में रहने के दौरान उसने अपने बच्चे की अचानक तबीयत खराब होने की बात कही और इलाज कराने की गुहार लगाई। इसके बाद सुरक्षा घेरे में उसे जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचते ही वह सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को झांसा देकर चकमा देने में सफल रही, जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहर भर में नाकाबंदी कर छापेमारी शुरू की गई।
1 घंटे के भीतर अस्पताल परिसर से ही दबोची गई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सक्रिय हुई टीमों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और (Durg Crime News) महज 60 मिनट के भीतर जसबीर कौर को अस्पताल परिसर के ही एक हिस्से से फिर से गिरफ्तार कर लिया। उसे वापस जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने के बाद पुलिस और जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बताया जाता है जसबीर कौर का आपराधिक रिकॉर्ड काफी शातिर रहा है और इससे पहले भी उसके कारनामों व लापरवाही के चलते दो सब-इंस्पेक्टरों को सस्पेंशन की गाज झेलनी पड़ी थी।
