तरनतारन: पंजाब की केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब एक बार फिर गंभीर सुर्खियों में आ गई है। यहां जेल में तैनात एक मेडिकल ऑफिसर को औचक तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, गोलियां, चरस, मोबाइल फोन और नकदी के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सुसंगत धाराओं के (Punjab Jail Crime) तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
Punjab Jail Crime – पूरी घटना की जानकारी देते हुए एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि केंद्रीय जेल श्री गोइंदवाल साहिब के सहायक सुपरिंटेंडेंट कुलजीत सिंह ने बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचे मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनमोलप्रीत सिंह (पुत्र रजिंदर पाल सिंह, निवासी गली नंबर-6, ज्योतिसर कॉलोनी, जंडियाला गुरु) की जब ड्यूटी के दौरान तलाशी लेनी चाही, तो उसने अपने बैग की तलाशी देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद जब टीम ने सख्ती दिखाते हुए डॉक्टर के बैग और उसकी आई-20 कार की बारिकी से तलाशी ली, तो वहां हड़कंप मच गया।
💊 भारी मात्रा में कैप्सूल, गोलियां और चरस बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 997 लाल रंग के नशीले कैप्सूल, 1,490 अन्य कैप्सूल, 2,050 नशीली गोलियां, 53 ग्राम चरस जैसा संदिग्ध पदार्थ, 2 मोबाइल फोन और 2,630 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि थाना श्री गोइंदवाल साहिब में मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
