चंडीगढ़: चंडीगढ़ में शराब पीकर गाड़ी चलाने और पुलिस नाके पर हंगामा करने वाले दो युवकों को अदालत ने ऐसी अनोखी सजा सुनाई, जो दूसरों के लिए भी एक बड़ी नसीहत बन गई है। दोनों युवक सेक्टर-16 स्थित मटका चौक पर हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को “शराब पीकर गाड़ी न चलाएं” का संदेश देते नजर आए। समराला निवासी लवजोत सिंह और गगनदीप सिंह को जिला अदालत ने चार दिनों तक रोजाना मटका चौक पर खड़े होकर लोगों को ट्रैफिक नियमों और (unique punishment) नशे में वाहन चलाने के खतरों के प्रति जागरूक करने का सख्त आदेश दिया है।

unique punishment – जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात दोनों युवक अपनी फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर सेक्टर-34/35 डिवाइडिंग रोड पर पहुंचे थे। नाकाबंदी के दौरान जब पुलिस ने उन्हें रोका तो वे शराब के नशे में धुत थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बहस, बदसलूकी और काफी देर तक हंगामा किया। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी फॉर्च्यूनर कार भी जब्त कर ली।

10 हजार का जुर्माना और 3 महीने के लिए लाइसेंस सस्पेंड

अगले दिन दोनों युवकों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने उनके व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताते हुए दोनों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और उनके ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित करने के आदेश दिए। इसके साथ ही अदालत ने सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से दोनों युवकों को चार दिनों तक सेक्टर-16 के मटका चौक पर तख्तियां पकड़कर लोगों को शराब पीकर वाहन न चलाने का संदेश देने का खास निर्देश भी दिया।

Share.
Exit mobile version