मध्यप्रदेश के देवास के टोंककलां गांव में गुरुवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में अब तक पांच मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और शवों के अवशेष 25 फीट दूर तक जा गिरे। कई घंटों तक (Dewas Factory Blast) पटाखों के फूटने की आवाजों से इलाका गूंजता रहा, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

🏥 मृतकों में बिहार-यूपी के मजदूर शामिल 

इस हादसे में तीन मजदूरों—धीरज, सन्नी और सुमित—की मौत मौके पर ही हो गई थी। अमलतास अस्पताल में भर्ती दो अन्य मजदूरों, अमर और गुड्डू ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया; ये दोनों करीब 99% तक झुलस चुके थे। मृतकों में चार मजदूर बिहार और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रशासन अब घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुटा है।

👮 फैक्ट्री संचालक और मैनेजर गिरफ्तार 

धमाके के समय फैक्ट्री के भीतर 20 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक अनिल मालवीय को गिरफ्तार कर लिया है और बिहार निवासी मैनेजर एजाज खान को भी हिरासत में लिया गया है।

📦 अनुमति से कई गुना ज्यादा बारूद बरामद

शुरुआती जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। फैक्ट्री में अनुमति से कई गुना ज्यादा बारूद और पटाखों का स्टॉक किया गया था। लाइसेंस के अनुसार केवल 15-15 किलो बारूद रखने की अनुमति थी, लेकिन मौके से टनों में विस्फोटक सामग्री मिली है। इसके अलावा, फैक्ट्री में बिहार से लाए गए नाबालिग मजदूरों से भी काम कराए (Dewas Factory Blast) जाने की बात सामने आई है, जिन्हें महज 400 रुपये की दिहाड़ी दी जाती थी।

Share.
Exit mobile version