सागर : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 जून को सागर जिले की देवरी विधानसभा के आदिवासी ब्लॉक ‘केसली’ के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। अपने (Mohan Yadav Sagar Visit) इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण करेंगे और केसली में आईआईटी के निर्माण के लिए भूमिपूजन करेंगे।
Mohan Yadav Sagar Visit – मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विधायक बृजबिहारी पटेरिया, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। कलेक्टर ने गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टर, एम्बुलेंस और ओआरएस (ORS) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नगर परिषद का दर्जा
केसली ब्लॉक के निवासियों को मुख्यमंत्री के इस दौरे से बड़ी उम्मीदें हैं। यहां के नागरिक लंबे समय से तहसील मुख्यालय केसली को ‘नगर परिषद’ का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। कई आश्वासनों के बावजूद अब तक यह मांग पूरी नहीं हो सकी है। चूँकि सीएम डॉ. मोहन यादव पहली बार केसली आ रहे हैं, ऐसे में स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि वे इस दौरे के दौरान केसली को नगर परिषद बनाने का आधिकारिक ऐलान जरूर करेंगे।
देवरी नामकरण का इंतजार
नगर परिषद के साथ-साथ ‘देवरी’ का नाम बदलकर ‘देवपुरी’ किए जाने की मांग भी लंबे समय से चली आ रही है। स्थानीय संगठन इस मांग को लेकर मुखर हैं और मुख्यमंत्री से इस पर सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा कर रहे हैं। अब देखना यह है कि क्या सीएम अपने इस पहले दौरे में इन दोनों अहम मांगों पर मुहर लगाते हैं या नहीं।
