दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है. दावा है कि पकड़े गए आरोपियों का मकसद भारत में अशांति फैलाना था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर (terror module busted in Delhi) एक 0.30 बोर की चाइनीज पिस्टल, एक 0.32 बोर का रिवॉल्वर और 11 कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल होने वाली कार भी जब्त की गई है, जिसमें छिपे हुए विशेष खांचे बनाए गए थे.
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान इमरान (37) और मोहम्मद कमरान (27) के रूप में हुई है. दोनों आरोपी अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में काम कर रहे थे. दोनों को 2 अप्रैल 2026 को IGI एयरपोर्ट पर लुकआउट सर्कुलर के आधार पर हिरासत में लिया गया, जिसके बाद पूछताछ के बाद उन्हें इस केस में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. अब इन दो नई गिरफ्तारियों के बाद कुल आरोपियों की संख्या 12 हो गई है.
terror module busted in Delhi – बताया जा रहा है कि पुलिस अब तक 23 अत्याधुनिक विदेशी हथियार और 211 कारतूस बरामद कर चुकी है, जिनमें एक सब-मशीन गन भी शामिल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए इस केस में UAPA की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं. जांच में सामने आया है कि इमरान और कमरान, इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड शाहबाज अंसारी के बेहद करीबी हैं. इमरान उसका साला है, जबकि कमरान उसका कजिन है. दोनों पिछले करीब एक साल से इस आतंकी मॉड्यूल के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे.
