नई दिल्ली: देश के वित्तीय और खुदरा बाजार में क्रेडिट कार्ड के जरिए खरीदारी तथा भुगतान करने की रफ्तार को सितंबर 2026 के दौरान एक स्पष्ट झटका लगा है। भारत में क्रेडिट कार्ड से होने वाला कुल खर्च सालाना आधार पर 5.9% की गिरावट के साथ 2.04 लाख करोड़ रुपए पर सिमट गया। गौरतलब है कि फरवरी 2021 के बाद यह (Credit Card Spending Decline) पहला ऐसा मौका है, जब क्रेडिट कार्ड के कुल खर्च में सालाना आधार पर इस तरह की कमी देखने को मिली है।
Credit Card Spending Decline – आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल खर्च 2.04 लाख करोड़ रुपए दर्ज किया गया, जबकि बीते वर्ष यानी सितंबर 2025 में यह आंकड़ा लगभग 2.17 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर था। इस प्रकार सालाना आधार पर इसमें 5.9% की गिरावट आई। इससे पहले कोरोना महामारी के दौर यानी फरवरी 2021 में ऐसा देखने को मिला था। इस बार इस गिरावट के पीछे एक मुख्य वजह पिछले साल का ऊंचा आधार (High Base) है। पिछले साल सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में बड़े बदलाव और त्योहारी सीजन की ऑनलाइन शॉपिंग सेल्स का जल्दी शुरू हो जाना शामिल था, जिसके कारण कार्ड से खरीदारी में भारी उछाल आया था।
ऑनलाइन शॉपिंग में सबसे बड़ी गिरावट
क्रेडिट कार्ड के विस्तृत खर्च का विश्लेषण किया जाए तो सबसे अधिक दबाव ऑनलाइन खरीद फरोख्त के सेगमेंट में दिखाई दिया है। सितंबर 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड खर्च सालाना आधार पर 12.5 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 1.26 लाख करोड़ रुपए पर आ गया, जो कि सितंबर 2025 में 1.44 लाख करोड़ रुपए था। इसके ठीक विपरीत, स्थानीय दुकानों, शोरूम और भौतिक बाजारों में कार्ड के माध्यम से किए जाने वाले भुगतान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खुदरा दुकानों पर क्रेडिट से होने वाले खर्च में लगभग 7.18% की वृद्धि हुई है।
प्रमुख बैंकों का प्रदर्शन: HDFC ने संभाला मोर्चा, तो SBI और ICICI कार्ड खर्च में आई सुस्ती
देश के प्रमुख ऋणदाताओं और कार्ड जारीकर्ताओं के प्रदर्शन पर नजर डालें तो सितंबर 2026 में HDFC बैंक ने अन्य प्रतिस्पर्धी बैंकों के मुकाबले काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। HDFC बैंक का कुल खर्च 65,140 करोड़ रुपए रहा, जिसमें 7.52% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके मुकाबले एसबीआई कार्ड का खर्च 34,895 करोड़ रुपए (14.09% की गिरावट) और आईसीआईसीआई बैंक का खर्च 30,911 करोड़ रुपए (26.26% की गिरावट) पर रहा। वहीं एक्सिस बैंक का खर्च 23,149 करोड़ रुपए दर्ज किया गया, जिसमें 11% की कमी आई।


