चेन्नई: भारतीय क्रिकेट जगत और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सबसे कामयाब कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी ने अब इस लोकप्रिय टी-20 लीग से हमेशा के लिए संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। करीब 45 वर्ष की आयु में उन्होंने आईपीएल के खिलाड़ी के रूप में अपने सुनहरे सफर पर विराम लगा दिया है। अपनी बेहतरीन (MS Dhoni said goodbye to IPL) कप्तानी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को पांच बार आईपीएल का चैंपियन बनाने वाले धोनी अब मैदान पर खेलने के बजाय इस फ्रेंचाइजी के साथ बतौर मेंटॉर (मार्गदर्शक) अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे।
धोनी के इस संन्यास के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और विशेष पोस्ट साझा करते हुए उन्हें एक ऐसा खिलाड़ी बताया जो जीवन में सिर्फ एक ही बार मिलता है। सीएसके ने अपने संदेश में लिखा कि न तो पहले कभी धोनी जैसा खिलाड़ी आया था और न ही भविष्य में आएगा। फ्रेंचाइजी ने स्पष्ट किया कि अनगिनत जीतों, मुश्किल हालातों और सुनहरी यादों के साथ ‘थाला’ हमेशा से टीम की पहचान का अभिन्न हिस्सा रहे हैं और चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।
रिकॉर्ड्स से सजा रहा है एमएस धोनी का शानदार आईपीएल करियर
एमएस धोनी का आईपीएल करियर ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा है। इस दिग्गज खिलाड़ी ने अपने शानदार करियर के दौरान कुल 278 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 38.30 की औसत से 5,439 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 24 अर्धशतक और 264 गगनचुंबी छक्के निकले, जबकि विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने 158 कैच भी लपके। अपनी करिश्माई कप्तानी और बेहतरीन रणनीतिक सूझबूझ से उन्होंने चेन्नई को पांच बार चैंपियन बनाकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम अमर कर लिया है।


