रांची : राजधानी रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान छात्रों और अन्य गुटों के बीच जमकर हंगामा, धक्का-मुक्की और मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार को हुए इस उपद्रव और हिंसक टकराव के बाद रांची के कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए कुल 3 अलग-अलग (3 firs registered) प्राथमिकी (FIR) दर्ज की हैं। पुलिस के अनुसार, दर्ज मामलों में 14 आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
3 firs registered – कोतवाली थाने में दर्ज तीन प्राथमिकियों में से दो शिकायतें व्यक्तिगत रूप से अंकिता वर्मा और शाहबाज द्वारा दी गई हैं, जबकि तीसरी प्राथमिकी विधि-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात एक मजिस्ट्रेट की ओर से दर्ज कराई गई है।अंकिता वर्मा और शाहबाज ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि पुतला दहन कर रहे आंदोलनकारी छात्रों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और गंभीर मारपीट की। दर्ज मुकदमों में कुणाल कुमार, पीयूष, रविंद्र पासवान, चंडी तिवारी, चितरंजन कुमार, सौरव, वीरेंद्र प्रताप और सुमित शर्मा सहित 14 लोगों को नामजद किया गया है।
पुतला जलाने से रोकने पर भड़का विवाद
‘JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच’ के बैनर तले छात्र राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में व्यापक सुधार और कथित प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ अल्बर्ट एक्का चौक पर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान जब कुछ लोगों ने छात्रों को मुख्यमंत्री का पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया, तो दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लात-घूंसे और लाठियां चलने लगीं, जिससे अल्बर्ट एक्का चौक, सदर अस्पताल और JPSC कार्यालय के आसपास भगदड़ और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें कई लोग चोटिल भी हुए।


