भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई टीम की घोषणा कर दी है. नई सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को एक से अधिक राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अनुभवी और क्षेत्रीय चेहरों का बेहतरीन संयोजन किया गया है. इस सूची की सबसे खास (BJP State Incharges List 2026) बात यह कि कुल 65 प्रभारियों में से 21 महिला नेताओं को प्रभारी और सह प्रभारी बनाया गया है, जिसमें स्मृति ईरानी, डी पुरंदेश्वरी, भारती पवार और वर्षा बेन दोषी के नाम प्रमुख हैं.
एक साथ दो राज्यों का प्रभार संभालेंगे कई दिग्गज
BJP State Incharges List 2026 – नई व्यवस्था के तहत 6 प्रमुख नेताओं को एक साथ दो राज्यों का प्रभार सौंपा गया है. इसमें स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ-साथ हरियाणा, हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर, राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, तथा सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है. उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारियों की टीम तैनात की गई है, जो संगठन को और अधिक मजबूती देगी.
अनिल बलूनी बने कम्युनिकेशन कोऑर्डिनेटर और आशीष अग्रवाल संभालेगी मीडिया कमान
राज्य प्रभारियों की सूची के साथ बीजेपी ने अपने संचार तंत्र में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है, जबकि उनकी जगह आशीष अग्रवाल को मीडिया डिपार्टमेंट का कन्वीनर नियुक्त किया गया है. इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य मीडिया, आईटी और सोशल मीडिया के बीच बेहतर तालमेल बिठाना है, जिससे पार्टी की संचार व्यवस्था को और अधिक एकीकृत व मजबूत बनाया जा सके.
