देशभर से मॉनसून की वापसी में अब अधिक समय नहीं बचा है, लेकिन विदाई से पहले कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यानी 20 सितंबर को (Weather Update Today) उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात और तेज हवाएं चलने की घटनाएं भी सामने आ सकती हैं.

राजधानी दिल्ली में 25 सितंबर तक बारिश की संभावना नहीं

देश की राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादलों का डेरा रह सकता है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. कल यानी 21 सितंबर से प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है और मौसम विभाग ने (Weather Update Today) आगामी 25 सितंबर तक यहां किसी भी प्रकार की बारिश की संभावना नहीं जताई है.

 यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, गोरखपुर, नोएडा, मेरठ, आगरा, कानपुर और झांसी समेत कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा राजस्थान के 13 जिलों, मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर व उज्जैन समेत कई हिस्सों, तथा पश्चिम बंगाल में भी तेज बारिश की चेतावनी है. वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भी 50 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं.

Share.
Exit mobile version