बिहार में सत्ता के फेरबदल के बाद अब कैबिनेट विस्तार (Bihar Cabinet Expansion) को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से लेकर कांग्रेस के नेताओं ने राजधानी दिल्ली का रुख करना शुरू कर दिया है। इधर, विधानसभा में स्पीकर विजय कुमार सिन्हा के खिलाफ भी सत्तारूढ़ महागठबंधन ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए नोटिस दाखिल कर दिया है। 24 अगस्त से विधानसभा का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है।खबर है कि राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी अपने पिता लालू प्रसाद यादव से सलाह लेने दिल्ली निकल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस नेता भी मंत्री परिषद में जगह हासिल करने की कोशिशों में लगे हुए हैं। इधर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (ML) में राज्य सरकार में शामिल होने को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
इसे भी पढ़ें – पंजाब सरकार ने केंद्र से मांगा 1 लाख करोड़ का पैकेज, कर्ज और सब्सिडी के चलते बढ़ा संकट
कहा जा रहा है कि महागठबंधन की सरकार में तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप यादव को भी जगह मिल सकती है। उनके अलावा राजद की तरफ से आलोक मेहता, अनीता देवी, शहनवाज आलम, ललित यादव, चंद्र शेखर, कुमार सर्वजीत और अनिल साहनी के नामों की चर्चा है। हालांकि, कहा जा रहा है कि गृहमंत्रालय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही संभाल सकते हैं।इधर, कांग्रेस नेताओं ने भी मंत्री बनने के लिए दिल्ली में मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, विधायक दल के नेता अजीत शर्मा और विजय शंकर दुबे दौड़ में शामिल हैं। साथ ही शकील अहमद और राजेश राम के नाम की चर्चा है।
इसे भी पढ़ें – पशु तस्करी केस में सीबीआई की बड़ी कार्यवाई, टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल को किया गिरफ्तार
Bihar Cabinet Expansion – बिहार कैबिनेट में जनता दल यूनाइटेड को 11 से 13 मंत्री मिल सकते हैं। इनमें पहले के मंत्रियों के अलावा उपेंद्र कुशवाह को भी शामिल किया जा सकता है। वहीं, राजद के खाते में 20 पद आ सकते हैं। इसके अलावा कांग्रेस को 4, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 1 और निर्दलीय को एक 1 स्थान मिल सकता है।

