दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा शिक्षकों के तबादले पर रोक लगाने के आदेश के बाद आतिशी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। आतिशी ने कहा दिल्ली सरकार के स्कूलों को बर्बाद करने की भाजपा की साजिश विफल हो गई है।
रातों-रात कर दिया शिक्षकों का तबादला
उन्होंने आगे कहा कि 2 जुलाई को भाजपा ने अपने उपराज्यपाल के माध्यम से दिल्ली सरकार के स्कूलों के 5000 शिक्षकों का तबादला कर दिया। 5000 शिक्षकों का तबादला इसलिए किया गया क्योंकि ये वे शिक्षक हैं जिन्होंने पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल की सरकार के साथ दिल्ली सरकार के स्कूलों की सूरत बदल दी है। जो शिक्षक 10 सालों से अपने-अपने स्कूलों में कड़ी मेहनत कर रहे थे, भाजपा ने अपने उपराज्यपाल के माध्यम से उन 5000 शिक्षकों का रातों-रात तबादला करवा दिया।
इसे भी पढ़ें – बच्चों का अपहरण कर 50 लाख की फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार
भाजपा की साजिश हो गई है विफल
आतिशी ने कहा कि मैंने दिल्ली के लोगों, अभिभावकों और शिक्षकों से वादा किया था कि अरविंद केजरीवाल की सरकार दिल्ली के स्कूलों को कोई नुकसान नहीं होने देगी। भाजपा और उसके उपराज्यपाल को इन 5000 शिक्षकों का तबादला वापस लेना पड़ा। दिल्ली के सरकारी स्कूलों को बर्बाद करने की भाजपा की साजिश विफल हो गई। इससे पहले 4 जुलाई को दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव नरेश कुमार को पत्र लिखकर 2 जुलाई को जारी शिक्षकों के तबादले के आदेश को तुरंत वापस लेने का निर्देश दिया था।

