लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से जनता का ध्यान भटकाने के लिए हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़े जाने का ‘मिथ्या प्रचार’ कर रही है। अखिलेश (Akhilesh Yadav on Yogi) यादव की यह तीखी टिप्पणी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस हालिया आरोप के बाद आई है, जिसमें सीएम ने कहा था कि सपा ने अपने शासनकाल में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का ‘पाप’ किया था।

Akhilesh Yadav on Yogi – इस विवाद के बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) पर हनुमानगढ़ी के महंत आनंद दास का एक वीडियो साझा किया है। खबरों के अनुसार, महंत ने एक समाचार पोर्टल से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री के दावे को सिरे से खारिज किया था। सपा प्रमुख ने इसी साधु का पत्रकारों से बातचीत का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि हनुमानगढ़ी को लेकर यह विवाद सिर्फ राम मंदिर की चोरी से ध्यान हटाने के लिए खड़ा किया जा रहा है।

‘राम मंदिर की चोरी से ध्यान भटकाने के लिए रची साजिश’

वीडियो साझा करते हुए अखिलेश यादव ने सीएम आदित्यनाथ का नाम लिए बिना भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “भाजपा की चोरी, लूट, छल-कपट, झूठ और फरेब की अधर्मी राजनीति अब प्रभु राम के मंदिर से आगे बढ़कर हनुमानगढ़ी तक पहुंच गई है। जो ‘महामुख’ हनुमानगढ़ी को लेकर मिथ्या-प्रचार कर रहे हैं, वे अपने महापाप का प्रायश्चित करें और स्वीकार करें कि वे राम मंदिर की चोरी से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं।” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अन्यथा वे हनुमानगढ़ी की सीढ़ियां घुटनों के बल चढ़कर आस्था के इस अनादि तीर्थ से क्षमा याचना करें।

Share.
Exit mobile version