बठिंडा: पंजाब के प्रतिष्ठित एम्स बठिंडा संस्थान में गत रात्रि आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘आरोहा स्टार नाइट’ के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। यहां संगीत संध्या के दौरान कुछ नशाखोर और उपद्रवी तत्वों ने न केवल जमकर हुड़दंग मचाया, बल्कि ड्यूटी पर मौजूद जूनियर डॉक्टरों के साथ (AIIMS Bathinda Controversy) बेरहमी से मारपीट की और कार्यक्रम में शामिल छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ की।
AIIMS Bathinda Controversy – पीड़ित छात्राओं और डॉक्टरों द्वारा एम्स के डीन को सौंपी गई लिखित शिकायत में यह खुलासा हुआ है कि जब एक छात्रा ने इस अभद्रता का कड़ा विरोध किया, तो उपद्रवियों ने उसके साथ मारपीट की, उसका चश्मा तोड़ डाला और उसका गला दबाकर उसे जमीन पर पटक दिया। इसके अलावा, एक अन्य छात्र ने भी शिकायत दर्ज कराई है कि उसे गंदी-गंदी गालियां दी गईं और हॉस्टल में आकर दोबारा जान से मारने की धमकी दी गई।
यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप
इस लिखित शिकायत में ट्रॉमा विभाग के एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने यह भी गंभीर आरोप लगाए हैं कि कॉन्सर्ट के दौरान छात्राओं को लगातार अनुचित तरीके से छुआ गया और उनका यौन उत्पीड़न किया गया। विरोध करने के बावजूद जब ये हरकतें बंद नहीं हुईं और छात्राओं ने आपत्ति जताई, तो उनके साथ सरेआम दुर्व्यवहार किया गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि संकट की इस घड़ी में जब पीड़ित छात्रों ने वहां तैनात बाउंसरों और निजी सुरक्षाकर्मियों से मदद की गुहार लगाई, तो किसी ने भी उनकी सहायता नहीं की, जिसके बाद मजबूर होकर छात्रों को सीधे पुलिस से संपर्क करना पड़ा।


