शिमला : हिमाचल प्रदेश में बारिश से तबाही थम नहीं रही है। राज्य के अधिकांश भागों में गुरुवार को हालांकि बारिश से राहत मिली, लेकिन भूस्खलन और (Houses Collapsed In Rain) जमीन धंसने की घटनाओं ने लोगों को चिंता में डाल दिया। राज्य के विभिन्न जिलों में 24 घंटे के दौरान 109 घर गिर गए और छह लोगों की मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें – शिमला मंदिर हादसा : चौथे दिन नाले में मिला हिमाचल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर का शव, 10 लोग अभी भी लापता
Houses Collapsed In Rain – राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में 109 घर धराशायी हुए, तो 211 घर दरारें आने से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए। इनमें सोलन जिला में 24, शिमला व कुल्लू में सात-सात और मंडी में चार पक्के मकान गिरे। इसके अलावा तीन दुकानें और 265 पशुशाला भी ध्वस्त हो गईं। राज्य में वर्षा से जुड़े हादसों में छह लोगों की जान भी गई है। सोलन में दो और हमीरपुर,मंडी, शिमला व किन्नौर में एक-एक व्यक्ति की जान गई है।
इसे भी पढ़ें – हिप्र बारिश : मृतक संख्या बढ़कर 57 हुई, सभी स्कूल कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश में मानसून ने भारी तबाही मचाई है। मानसून ने 24 जून को दस्तक दी थी और अब तक मानसून सीजन में वर्षा से जुड़े हादसों में 367 लोगों की जान गई है और 40 लापता हैं। 343 लोग घायल हुए हैं। भूस्खलन व बाढ़ की चपेट में आने से 136 लोग मारे गए हैं। अन्य वर्षा जनित हादसों में 231 लोगों की मौत हुई। मानसून सीजन में 2346 मकान, 303 दुकानें और 5048 पशुशालाएं पूरी तरह धराशायी हुईं, जबकि 10135 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि अगले दो दिन यानी 25 व 26 अगस्त को राज्य में भारी वर्षा होने की आशंका है। इसे लेकर मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

