हिसार के आजाद नगर इलाके में रह रहे एक प्रेमी जोड़े द्वारा जहरीला पदार्थ (Hisar Crime News) निगलने का बेहद सनसनी खेज मामला सामने आया है. गंभीर हालत में दोनों को हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है. महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है. इस घटना के बाद से दोनों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.
Hisar Crime News – अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक और महिला हिसार के आजाद नगर में पिछले कुछ समय से एक साथ रह रहे थे. मृत युवक की पहचान सचिन (उम्र करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हिसार जिले के किरमारा गाँव का रहने वाला था. वहीं, महिला का नाम मनीषा है, जो मूल रूप से रोहतक जिले की रहने वाली है और उसका एक 12 साल का बेटा भी है. सचिन और मनीषा की आपस में पहचान दिल्ली में कोचिंग के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों हिसार आकर एक साथ रहने लगे थे. मृतक सचिन हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में बतौर सिक्योरिटी गार्ड कार्यरत था.
पुलिस खंगाल रही है जहर निगलने के पीछे की वजह
मृतक युवक के भाई प्रवीण ने बताया कि उसका बड़ा भाई सचिन पिछले लगभग एक साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था और मनीषा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था. परिजनों को फोन के जरिए सूचना मिली थी कि आजाद नगर में सचिन और मनीषा ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है, जिसके बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुँचे. आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को अस्पताल से सूचना मिलने के बाद नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. हालांकि, दोनों ने किन कारणों के चलते यह खौफनाक कदम उठाया, इसका अभी तक पूरी तरह पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जाँच कर रही है.


