इंदौर। पलासिया स्थित अपने ऑफिस में रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले बिल्डर बंटी उर्फ संदीप नागर के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस को अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या का ठोस कारण भी सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है बंटी कुछ समय से डिप्रेशन में थे। पुलिस ऑफिस के (Palasia Indore Builder Death) कर्मचारियों, परिचितों और उनसे संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ करेगी।
Palasia Indore Builder Death – सील किए ऑफिस से मिले दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बिल्डिंग के कैमरों के फुटेज भी निकाले हैं। बंटी ने जिस कमरे में फांसी लगाई, वहां कैमरे चालू मिले, लेकिन उनकी रिकॉर्डिंग नहीं मिली। ऑफिस में दो डीवीआर में से एक में हार्डडिस्क नहीं मिली, जबकि दूसरे डीवीआर में हार्डडिस्क लगी है। पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है। सोमवार को बंटी का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रियल एस्टेट कारोबारी और परिजन शामिल हुए। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।
मोबाइल का पैटर्न लॉक खोलने में जुटी पुलिस
गुलमोहर कॉलोनी निवासी बंटी नागर का शव रविवार शाम उनके बेटे ने साकेत स्थित द मार्क बिल्डिंग के चौथे माले के ऑफिस में देखा था। देर शाम परिजनों ने अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी दी। चौथे माले पर बंटी के दो ऑफिस हैं और दोनों में कैमरे लगे हैं। जिस केबिन में उन्होंने फांसी लगाई, वहां लगे DVR में हार्डडिस्क नहीं मिली। दूसरे ऑफिस के DVR में हार्डडिस्क लगी है, लेकिन उसमें पासवर्ड लगा हुआ है। बंटी के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसे पासवर्ड की जानकारी नहीं है। वहीं, बंटी के मोबाइल में पैटर्न लॉक लगा है। पुलिस इसे 30 से ज्यादा बार खोलने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन लॉक नहीं खुला।


