इंदौर। इंदौर में आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है, जिसमें वे विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करने पहुंच रहे हैं। इस बीच, राहुल गांधी के (Rahul Gandhi Indore Visit Controversy) विरोध में शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बैनर लगा दिए गए हैं। इन पोस्टरों पर लिखा है— “झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय”। इन सभी पोस्टरों पर एक विशेष क्यूआर (QR) कोड भी दिया गया है, जिसमें राहुल गांधी की पिछली चार रैलियों में किए गए 40 प्रमुख दावों की पड़ताल कर उन्हें ‘झूठ’ और ‘गुमराह करने वाला’ करार दिया गया है।
पोस्टर पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करने पर (https://www.jhoothkigoonj.com) नामक वेबसाइट खुलती है। वेबसाइट पर राहुल गांधी द्वारा कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे रैलियों में दिए गए बयानों और दावों की सत्यता पर सवाल खड़े किए गए हैं। वेबसाइट का दावा है कि भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट्स, संसदीय रिकॉर्ड्स और प्रामाणिक न्यूज पोर्टल सहित कुल 169 स्रोतों के जरिए इन दावों की फैक्ट-चेकिंग की गई है। साथ ही वेबसाइट पर आम जनता से अपील की गई है कि वे भी राहुल गांधी द्वारा बोले गए कथित झूठ को उजागर करने में मदद करें।
कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र के स्तर को बेहद गिरा दिया है। जो पार्टी खुद हमेशा झूठ बोलती आई है, उसने पूरे शहर में ऐसे पोस्टर लगवाए हैं। भाजपा का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। पहले उन्होंने प्रशासन, इंदौर नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) और पुलिस के जरिए राहुल गांधी के कार्यक्रम में हर संभव रुकावटें पैदा कीं और जब कांग्रेस हर बाधा पार कर कार्यक्रम आयोजित कर रही है, तो अब इस तरह की निम्नस्तरीय साजिश रची जा रही है।”


