रायबरेली : जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरहनी गांव में ग्राम प्रधान के बेटे की पीट-पीटकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए Raebareli Murder Case) हत्याकांड में संलिप्त मृतक की कथित शादीशुदा प्रेमिका, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Raebareli Murder Case – पुलिस जांच में यह तथ्य उजागर हुआ है कि प्रेमिका ने ही सुनियोजित षड्यंत्र के तहत फोन कॉल करके प्रेमी रमाकांत को मिलने के बहाने अपने गांव बुलाया था, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक युवक की शिनाख्त हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव निवासी रमाकांत के रूप में हुई है, जो स्थानीय ग्राम प्रधान का पुत्र था।
जांच के अनुसार, रमाकांत का खैरहनी गांव की निवासी सोनी नामक विवाहित महिला के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था आरोप है कि षणयंत्र के अनुसार सोनी ने रमाकांत को अपने मोबाइल से संपर्क कर खैरहनी गांव बुलाया ताकि उसे रंगे हाथों पकड़ा जा सके। रमाकांत जैसे ही मिलने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंचा, सोनी ने अपने पति सुरेंद्र और देवर वीरेंद्र के साथ मिलकर उस पर अचानक हमला बोल दिया।
तीनों नामजद आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी महिला सोनी, उसके पति सुरेंद्र और देवर वीरेंद्र को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की और जुर्म स्वीकार करने के बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया आवश्यक विधिक और चिकित्सीय प्रक्रियाएं पूर्ण करने के उपरांत तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जिला कारागार (जेल) भेज दिया गया है।


