कोरबा : नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन्स को ढूंढकर वापस दिलाने की दिशा में कोरबा पुलिस को एक बड़ी और उल्लेखनीय सफलता हाथ लगी है। कोरबा पुलिस ने केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग के ‘सीईआईआर’ पोर्टल और आधुनिक साइबर टूल्स का प्रभावी उपयोग करते हुए कुल 110 गुमशुदा मोबाइल फोन सफलतापूर्वक खोज निकाले हैं। बरामद किए गए इन सभी स्मार्टफोन्स की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 लाख 3,353 रुपये आंकी गई है।
साइबर पुलिस थाना कोरबा एवं जिले के समस्त थाना व चौकी स्टाफ ने संयुक्त तकनीकी अभियान चलाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से इन फोन्स की लोकेशन ट्रेस की। बरामद किए गए सभी उपकरण नामी कंपनियों के महंगे और आधुनिक स्मार्टफोन हैं, जो अलग-अलग समय पर सार्वजनिक स्थलों से गुम हो गए थे।
खोया हुआ फोन वापस पाकर खिले चेहरे
अपना खोया हुआ महंगा स्मार्टफोन दोबारा सुरक्षित हाथों में पाकर उपस्थित नागरिकों और युवाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई उपभोक्ताओं ने भावुक होकर बताया कि फोन गुम होने के कई महीनों बाद उन्हें इसे वापस पाने की उम्मीद लगभग समाप्त हो चुकी थी। लोगों ने कोरबा पुलिस अधीक्षक, साइबर सेल और संबंधित थाना स्टाफ की त्वरित कार्यशैली और तकनीकी दक्षता की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
8 महीने में 400 से अधिक फोन बरामद
पुलिस द्वारा साझा किए गए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले केवल 8 महीनों के भीतर ही साइबर विंग ने 400 से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन्स को सफलतापूर्वक ट्रैक कर उनके मूल मालिकों तक पहुंचाया है। बरामद किए गए स्मार्टफोन्स में केवल कोरबा शहरी क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दूरदराज के वनांचल व ग्रामीण इलाकों के निवासियों के फोन भी शामिल हैं।


