टेक दिग्गज शाओमी (Xiaomi) ने अपनी लोकप्रिय वियरेबल सीरीज का विस्तार करते हुए नया Xiaomi Smart Band 11 Active कुछ चुनिंदा वैश्विक बाजारों में आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है।
Xiaomi Smart Band 11 Active – यह नया फिटनेस बैंड बेहद हल्का, पतला और आधुनिक डिजाइन के साथ पेश किया गया है। इसमें बड़ी स्क्रीन के साथ कई एडवांस्ड हेल्थ और वेलनेस फीचर्स जोड़े गए हैं। कंपनी का दावा है कि सामान्य और हल्के इस्तेमाल में यह बैंड सिंगल चार्ज पर पूरे 21 दिनों तक का बैकअप दे सकता है। बैंड में 24 घंटे हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन (SpO2), स्लीप ट्रैकिंग और स्ट्रेस मॉनिटरिंग जैसे उपयोगी सेंसर्स दिए गए हैं। वर्कआउट के शौकीनों के लिए इसमें 50 स्पोर्ट्स मोड्स और 5ATM वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग दी गई है।
भारत में लॉन्च का इंतजार
अलग-अलग देशों के टैक्स और मार्केट के अनुसार इसकी कीमत 35 से 45 डॉलर (लगभग 3,000 से 3,800 रुपये) के बीच रखी गई है।ऑस्ट्रेलिया में इसे AUD 59.50, मलेशिया में MYR 199 और सिंगापुर में SGD 39.90 में पेश किया गया है। यह बैंड तीन रंगों—ब्लैक (Black), ग्रे (Gray) और पोमेलो पिंक (Pomelo Pink) में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है। भारत में इसकी आधिकारिक कीमत और उपलब्धता की तारीख को लेकर कंपनी ने अभी कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।
1.47 इंच का 60Hz स्मूथ TFT डिस्प्ले
बैंड में 1.47 इंच की टीएफटी (TFT) स्क्रीन दी गई है, जिसका रेजोल्यूशन 172×320 पिक्सल और पिक्सल डेंसिटी 247ppi है। 60Hz रिफ्रेश रेट होने के चलते मेन्यू स्क्रॉलिंग, नेविगेशन और टच रिस्पॉन्स काफी स्मूथ मिलता है। स्क्रीन पर 2.5D कर्व्ड प्रोटेक्टिव ग्लास दिया गया है, जो खरोंचों से सुरक्षा प्रदान करता है। यूजर्स को अपने मूड और स्टाइल के हिसाब से डिस्प्ले कस्टमाइज करने के लिए 100 से ज्यादा क्लाउड वॉच फेसेस मिलते हैं।


