रियासी : जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के ताराकोट इलाके में (Reasi Road Accident) रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे फिसल गई। इस हादसे में 8 जवानों और बस चालक सहित कुल 9 लोग घायल हो गए हैं।
Reasi Road Accident – अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब CISF की बस (पंजीकरण संख्या JK08D-5992) जवानों को लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। ताराकोट के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क से नीचे उतर गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल हुए तीन CISF जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू के नारायण अस्पताल में रेफर किया गया है। शेष घायल जवानों और बस चालक का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। राहत की बात यह है कि समय पर बचाव कार्य शुरू होने से घायलों को त्वरित उपचार मिल सका।


