महाभारत केवल युद्ध की कथा नहीं, बल्कि मर्यादा, धर्म और नियमों के पालन का महान ग्रंथ है. इसमें द्रौपदी और पांच पांडवों से जुड़ी कई ऐसी घटनाएं हैं, जो आज भी लोगों को सोचने पर मजबूर कर देती हैं. इन्हीं में से एक है द्रौपदी के साथ रहने का नियम और अर्जुन द्वारा उस नियम के उल्लंघन पर खुद से स्वीकार किया गया 12 वर्षों का वनवास. आइए जानते हैं द्रौपदी और पांच पांडवों का विवाह के बाद उस अनोखे नियम के बारे में जिसमें द्रौपदी हर हर पांडव के साथ (Draupadi and five Pandavas) साल में केवल 72 दिन ही साथ रहती है. और वो क्या वजह थी जिसके वजह से अर्जुन को उस कठोर नियम को तोड़ना पड़ा था.
जब माता कुंती के अनजाने में दिए गए आदेश के कारण द्रौपदी पांचों पांडवों की पत्नी बनीं, तो उनके बीच किसी भी प्रकार के कलह को रोकने के लिए देवर्षि नारद ने पांडवों को एक सुझाव दिया. उन्होंने सुन्द और उपसुन्द नामक दो असुर भाइयों का उदाहरण दिया, जो एक ही स्त्री के कारण आपस में लड़कर नष्ट हो गए थे.इसके बाद पांडवों ने यह नियम बनाया कि द्रौपदी एक समय में केवल एक ही भाई के साथ समय व्यतीत करेंगी. नियम यह था कि जब द्रौपदी किसी एक भाई के साथ एकांत में हों, तो कोई दूसरा भाई वहां प्रवेश नहीं करेगा. यदि कोई इस नियम को तोड़ता है, तो उसे दंडस्वरूप 12 वर्ष का कठिन वनवास काटना होगा.
Draupadi and five Pandavas – एक बार एक निर्धन ब्राह्मण की गायों को कुछ चोर चुराकर ले गए. ब्राह्मण मदद के लिए पुकारता हुआ अर्जुन के पास पहुंचा. क्षत्रिय धर्म के नाते अर्जुन का कर्तव्य था कि वह उस ब्राह्मण की सहायता करें, लेकिन समस्या यह थी कि अर्जुन के सभी अस्त्र-शस्त्र उस समय युधिष्ठिर के कक्ष में रखे थे. संयोगवश, उस समय ज्येष्ठ पांडव युधिष्ठिर द्रौपदी के साथ एकांत में थे. अर्जुन के सामने धर्मसंकट खड़ा हो गया यदि वह कक्ष में प्रवेश करते, तो उन्हें 12 साल का वनवास झेलना पड़ता.यदि वह प्रवेश नहीं करते, तो एक ब्राह्मण की रक्षा न कर पाने के कारण उनके क्षत्रिय धर्म को कलंक लगता. अर्जुन ने परोपकार और धर्म की रक्षा को चुनते हुए जानबूझकर कक्ष में प्रवेश किया और अपना धनुष उठाया. उन्होंने चोरों को परास्त कर ब्राह्मण की गाएं वापस दिला दीं.

