गोहाना: शहर में रेलवे माल गोदाम के पास रामलीला मंचन के दौरान जमकर फूहड़ता फैलाई गई। यहां पर पुरुष कलाकार महिलाओं के कपड़े पहनकर फिल्मी और हरियाणवी गानों पर ठुमके लगाते नजर आए। इतना ही नहीं, मंच के पास ही कुछ लोग धड़ल्ले से ही धूम्रपान कर रहे थे। कुछ लोगों ने हद पार करते हुए नोट भी बरसाने शुरू कर दिए। अव्यवस्था को देखकर काफी महिलाएं बच्चों को साथ लेकर पंडाल से उठकर घर चली गईं।
श्रीराम रामलीला क्लब द्वारा गोहाना रेलवे माल गोदाम के निकट रामलीला का मंचन किया जा रहा है। देर रात रामलीला मंचन के बीच में दो पुरुष कलाकार महिलाओं के कपड़े पहनकर मंच पर आए। आयोजकों ने बीच में रामलीला का मंचन रोक दिया और उसके बाद दोनों कलाकारों ने फिल्मी और हरियाणावी गानों पर प्रस्तुति देनी शुरू कर दी। इस दौरान गाने भी ऐसे बजाए गए जिनको सार्वजनिक स्थानों और सभ्य समाज में सुनना व गाना ठीक नहीं माना जाता है। जब गानों की प्रस्तुति दी जा रही थी तब रामलीला को देखने के लिए काफी संख्या में महिलाएं और बेटियां भी पंडाल में बैठी थी। मंच के पास खड़े कुछ लोग धूम्रपान भी कर रहे थे। कुछ लोग उठकर मंच के पास जाकर नोट भी बरसाने लगे। अव्यवस्था को देखकर काफी महिलाएं अपनी बेटियों के साथ यहां से उठकर अपने घर चली गईं। पूरे प्रोग्राम का वीडियो सोशल मिडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
आज गोहाना पहुंचे राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर रामलीला के दौरान इस तरह के कार्यक्रम में ऐसा हो रहा है तो इसका विरोध वो भी करते हैं और इसका विरोध सभी को करना चाहिए। रामलीला को इस लिए दिखाया जाता है की बुराई पर अच्छाई की जीत हो।

