
इनेलो नेता अभय चौटाला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ताऊ देवीलाल की जयंती पर 25 सितंबर को कैथल में जींद रोड स्थित विस्तार अनाज मंडी में आयोजित होने वाली इनेलाे की राज्य स्तरीय सम्मान दिवस रैली को लेकर इनेलाे नेता अभय चौटाला रविवार को कैथल पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने विस्तार अनाज मंडी में राज्य स्तरीय रैली के स्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अंबाला रोड स्थित आरकेएम पैलेस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद अभय चौटाला ने कोयल काॅम्प्लेक्स में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्य स्तरीय सम्मान दिवस रैली में स्व. ताऊ देवीलाल को नमन करने के लिए इंडिया गठबंधन के अधिकतर नेता पहुंचेंगे। इसके साथ ही उन्होंने इस रैली का निमंत्रण सोनिया गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे को भी दिया है। चौटाला ने बताया कि विपक्ष को सबसे इक्ट्ठा करने का कदम प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला ने ही उठाया था। यह जिम्मेदारी उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार को दी थी।
उन्होंने बताया कि इस रैली को सफल बनाने की बड़ी जिम्मेदारी कैथल के लोगों की है। इसके लिए यहां के पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी गांव-गांव जाकर निमंत्रण देने के लिए लगाई है। चौटाला ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर भी बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में समस्याओं का अंबार लगा है, लेकिन मुख्यमंत्री को इससे कोई लेना-देना नहीं है।
मुख्यमंत्री तो जो बात बोलते हैं। उस बात के बोलने के बावजूद बड़ी समस्या हो जाती है। कहा कि इंडिया गठबंधन के अधिकतर नेता रैली में आएंगे। सम्मान दिवस रैली में नीतिश कुमार के साथ लालू यादव, सीता राम येचूरी, शरद पवार, जयंत चौधरी, फारुख अब्दूला, चौधरी विरेंद्र चौधरी सहित अन्य बड़े नेता पहुंचेंगे। इस मौके पर नफे सिंह राठी, अनिल तंवर क्योड़क, साहब सिंह, प्रदीप सिंहमार, श्याम सिंह राणा, ऋषिपाल राणा आदि इनेलो कार्यकर्ता मौजूद थे।

