अमरावती : महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में तड़के एक हृदयविदारक और भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU/NICU) में तड़के करीब 3:30 बजे अचानक एक वेंटिलेटर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद वार्ड में (Major fire in the baby ward) भीषण आग फैल गई। इस दर्दनाक हादसे में आग और धुएं की चपेट में आने से 3 नवजात बच्चों की झुलसकर मौत हो गई।
Major fire in the baby ward – जिस समय यह दुखद हादसा हुआ, उस वक्त नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में कुल 39 नवजात शिशु उपचाराधीन थे। आग की लपटें फैलते ही ड्यूटी स्टाफ ने तुरंत सक्रियता दिखाई और अधिकतम बच्चों को वार्ड की खिड़कियों व दरवाजों से सुरक्षित बाहर निकाला। धुएं और संक्रमण के जोखिम को देखते हुए गंभीर रूप से प्रभावित 6 नवजात शिशुओं को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी गहन निगरानी की जा रही है।
10-15 दिन के मासूमों का चल रहा था इलाज
वार्ड में भर्ती अधिकांश शिशु केवल 10 से 15 दिन के थे, जिनका जन्म के बाद विभिन्न जटिलताओं के कारण गहन उपचार चल रहा था।जिस जिला महिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में यह अग्निकांड हुआ, उसका उद्घाटन पूर्व में उपमुख्यमंत्री अजीत पवार द्वारा किया गया था। एक आधुनिक और अपेक्षाकृत नए अस्पताल भवन में इस प्रकार की घातक तकनीकी खराबी और अग्निकांड होना स्वास्थ्य महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
