भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि मौका केवल उन्हीं को दिया जाएगा, जो टेस्ट क्रिकेट में ‘सफलता की भूख’ दिखाएंगे। यानी यह साफ हो गया है कि अब टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए मेहनत कर रहे खिलाड़ियों को भारतीय टीम मौका देने वाली है। जिसका नतीजा है कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में सरफराज और ध्रुव जुरेल जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है.
ये भी पढ़ें – आईपीएल 2024 में वापसी के लिए तैयार ऋषभ पंत, अभ्यास किया शुरू
भारत ने घरेलू सरजमीं पर जीती 17वीं सीरीज
भारत ने सोमवार को चौथे टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर घरेलू सरजमीं पर लगातार 17वीं टेस्ट श्रृंखला जीती। सरफराज खान, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जायसवाल और आकाश दीप जैसे उभरते हुए खिलाड़ियों ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से काफी खुश दिखे और उन्होंने इस बात को भी स्पष्ट कर दिया कि वह टीम में किस तरह की प्रतिभा चाहते हैं।
रोहित ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि जिन लोगों को भूख है हम उन्हीं लोगों को मौका देंगे। अगर भूख नहीं है तो उनको खिलाने का कोई मतलब नहीं है। बता दें कि बीसीसीआई द्वारा ईशान किशन और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी मुकाबलों में खेलने के लिए कहा गया था, लेकिन इन दोनों ने इसे नजरअंदाज कर दिया था।
ये भी पढ़ें – IND vs ENG 4th Test : भारत ने चौथे टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया, सीरीज भी अपने नाम की
आईपीएल एक अच्छा प्रारुप
उन्होंने कहा कि आईपीएल हमारे लिए बहुत अच्छा प्रारूप है। लेकिन टेस्ट क्रिकेट सबसे कठिन प्रारूप है और इसमें उत्कृष्टता हासिल करना कठिन है। आपको जीतने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। पिछली 3 जीत आसान नहीं थीं, गेंदबाजों को लंबे स्पैल करने पड़े, बल्लेबाजों को क्रीज पर काफी मेहनत करनी पड़ी। यह खेल का सबसे कड़ा प्रारूप है।
रोहित ने युवाओं के प्रदर्शन की सराहना की। विशेषकर इस सीरीज में अब तक 2 दोहरे शतक जड़ने वाले जायसवाल और चौथे टेस्ट की दोनों पारियों में शानदार प्रदर्शन करके भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज जुरेल की। उन्होंने कहा कि खेल की शैली को अपनाने के लिए ये लोग खुले दिमाग के साथ आए हैं और जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं। हमें अपनी टीम में ऐसे ही लोगों की जरूरत है।

