शिमला : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा मंगलवार को हिमाचल प्रदेश (Visit To Himachal) पहुंची जहां वह मंडी और कुल्लू जिलों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगी और इस दौरान इन क्षेत्रों में जारी राहत एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों का निरीक्षण भी करेंगी। वह मनाली के आलू मैदान में बाढ़ पीड़ितों से संवाद भी करेंगी। भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने 14 और 15 जुलाई को कुल्लू और मंडी जिलों में कहर बरपाया था।
इसे भी पढ़ें – हिमाचल में टिप्पर के खाई में गिरने से तीन मजदूरों की मौत, पांच घायल
Visit To Himachal – प्रियंका आज सुबह कुल्लू के भुंतर हवाई अड्डे पहुंची। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने स्थानीय महिलाओं से फूल लिए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय उत्पादकों से सेब उत्पादन, परिवहन और बक्सों की दरों को लेकर चर्चा की। कांग्रेस नेता ने हाल हीं में आरोप लगाया था कि अडाणी समूह की खरीद मूल्य जारी करने के बाद हिमाचल प्रदेश में सेब की पेटियां एक तिहाई दरों पर बेची जा रही हैं।उन्होंने सवाल उठाया था कि प्रधानमंत्री उनके लिए कुछ क्यों नहीं कर रहे हैं?
इसे भी पढ़ें – किन्नौर-शिमला नेशनल हाइवे पर दरका पहाड़, हाइवे का 150 मीटर हिस्सा ध्वस्त
प्रियंका के साथ इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी थे। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, राज्य में 24 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 11 सितंबर तक 8,679 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, बारिश से संबंधित हादसों में 260 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री सुक्खू ने राज्य में 12,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया है।