Virender Sehwag on Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रदर्शन अभी तक सबसे खराब रहा है. उसने 5 मैच खेले हैं और अभी तक जीत का स्वाद नहीं चखा है. मंगलवार (14 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ खेले गए मैच में भी टीम को बड़ी हार का सामना करना पड़ा. कोलकाता नाइट राइडर्स के इस खराब प्रदर्शन की पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने तीखी आलोचना की है. सहवाग ने मैच के बाद कहा कि KKR की रणनीति और बल्लेबाजी का तरीका उनकी समझ से परे है.
KKR के मैनेजमेंट पर भड़के वीरेंद्र सहवाग
वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज पर पोस्ट-मैच चर्चा में KKR की प्लानिंग पर सवाल उठाए. वीरेंद्र सहवाग का मानना है कि टीम का ऐसा ही बुरा हाल रहा तो आने वाले टीमों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. वीरेंद्र सहवाग ने कहा, ‘कुछ समझ में नहीं आ रहा है, आखिर कोचिंग स्टाफ क्या कर रहा है, वो क्या एनालिसिस कर रहे हैं. अगर आप जानते हैं कि आप यहां गलतियां कर रहे हैं, तो आप उन्हें सुधार क्यों नहीं रहे हैं? वही गलतियां क्यों दोहराई जा रही हैं? ऐसे में मुझे लगता है कि एक समय आएगा जब घर के सारे बल्ब बदल दिए जाएंगे. मेरा मतलब है, सब तितर-बितर कर दूंगा.’
वीरेंद्र सहवाग ने आगे कहा, ‘अगर एक या दो मैच और हार जाते हैं, तो आप देखेंगे कि न्यूजीलैंड के दोनों ओपनर साथ खेलते हुए नजर आएंगे. कैमरून ग्रीन बाहर बैठे हैं, शायद अजिंक्य रहाणे भी नहीं खेल रहे हैं, कोई और आ जाए उनकी जगह और कप्तान बन जाए. रिंकू सिंह को बाहर किया जा सकता है. यह सब हो सकता है (Virender Sehwag on Kolkata Knight Riders) क्योंकि तब ऐसा लगेगा कि हम वैसे भी हार गए हैं, चलो बस बदलाव की कोशिश करते हैं.’


