- लिखा, नकली समाजवादी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव जो बयान दिया उसके बाद कांग्रेस ट्वीटर पर जुबानी जंग पर उतर आई है। प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव की फोटो अपलोड की और उन्हें नकली समाजवादी कहा।
वही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने सुझाव दिया है कि कांग्रेस को सपा से समझौता करना चाहिए। बता दें कि शनिवार को अखिलेश यादव ने कहा था कि ‘जो कांग्रेस है, वही भाजपा है। जो भाजपा है, वही कांग्रेस है।’
जवाबी हमला करते हुए यूपी कांग्रेस ने ट्वीट करके कहा -‘काजू भुने प्लेट में, मिनरल वाटर गिलास में। नकली समाजवाद उतरा है, योगी के आवास में। ईडी-आयकर से बचने के लिए संघर्ष करते हुए अखिलेश जी की एक शानदार तस्वीर।’
हालांकि, यह तस्वीर तब की है जब मुख्यमंत्री योगी सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का हालचाल पूछने के लिए उनके आवास पर गए थे। उसी उस समय पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी वहां मौजूद थे। इस फोटो को एडिट करते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम ने इसे योगी के आवास पर दिखा दिया है।
एक अन्य ट्वीट में यूपी कांग्रेस ने कहा है कि ‘जी नई हवा है, जो भाजपा है, वही सपा है। इसलिए मुलायम सिंह का साथ मोदी को मिल रहा है। बिलरिया गंज और आजम खान पर इनका मुंह नहीं खुल रहा है।
जनता परेशान है और ड्राइंग रूप में बैठे-बैठे उनका भाजपा के साथ फिक्स्ड मैच चल रहा है। मुलायम सिंह ने नरेंद्र मोदी के दुबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना की।’
उधर, पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने एक बयान में कहा कि ‘वर्तमान राजनीतिक स्थिति में अखिलेश यादव और उनकी पार्टी ही बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंक सकती है। भाजपा की गलत नीतियों से मुक्ति के लिए जरूरी है कि प्रियंका गांधी, सपा और अखिलेश यादव से सम्मानजनक समझौता करें।’