Sonipat: Woman commits suicide by swallowing poison after making video on mobile

suicide
– फोटो : istock

विस्तार

हरियाणा में सोनीपत के गोहाना शहर थाना क्षेत्र में महिला ने मोबाइल पर वीडियो बनाते हुए जहर खाकर जान दे दी। आरोप है कि वीडियो में महिला ने चार लोगों पर आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया है। महिला परिवार के साथ करनाल में रहती थी, जहां से तीन सप्ताह पहले ही गोहाना आई थी।

करनाल में उनकी बेटी से छेड़छाड़ की गई थी। साथ ही महिला का कुछ लोगों से रुपये का लेनदेन भी था। आरोप है कि महिला का अश्लील वीडियो भी बनाया गया था। शहर थाना गोहाना की पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गोहाना निवासी व्यक्ति अपने परिवार के साथ डेढ़ साल पहले करनाल में रहने चला गया था। वहां पर उनकी बेटी से छेड़खानी हो गई थी। जिस पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। साथ ही परिवार का करनाल के अरुण और संदीप के साथ रुपये का लेनदेन था। आरोप है कि उन्होंने परिवार के 5.71 लाख रुपये देने से मना कर दिया था।

छेड़खानी व रुपये के लेनदेन से तंग परिवार तीन सप्ताह पहले गोहाना आ गया था। इसी बीच सोमवार को रुपये लेने वाले संदीप ने आत्महत्या कर ली थी। महिला के पति ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान थी। पति का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी की अश्लील वीडियो भी बना ली थी।

उसकी आड़ में उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। इसके चलते उनकी पत्नी ने मंगलवार को अपने घर पर सल्फास की गोलियां खा लीं। उसने गोलियां निगलने से पहले अपने मोबाइल में वीडियो बनाकर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले लोगों के नाम बताए।

उसने मुख्य रूप से अरुण का नाम लिया। परिजनों का पता लगा तो वह उसे लेकर गोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

महिला ने जहर खाकर जान दे दी। महिला ने वीडियो भी बनाया है। पति की शिकायत पर चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। -नीरज, थाना प्रभारी, शहर गोहाना

Share.
Exit mobile version