मंडी : जिले में रसोई गैस की की समस्या हल नहीं हो पाई है। मंडी, सरकाघाट, धर्मपुर, सुंदरनगर, सराज और बल्ह क्षेत्रों में समस्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है। आलम यह है कि (Shortage Of LPG) पहले दूसरे तीसरे दिन गैस की गाड़ियां पहुंचती थी। अब एक सप्ताह बाद सप्लाई पहुंच रही हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को 10 से 15 दिन बाद गैस की आपूर्ति हो पा रही है। उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सप्लाई की गाड़ी के इंतजार में ही पूरा दिन बीत रहा है।
इसे भी पढ़ें – सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली की 25 वर्षों तक खरीद करेगी सरकार : सुक्खू
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने लकड़ी के चूल्हे जलाने शुरू कर दिए हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में आपातकाल में इंडक्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालक भी पीछे से ही सप्लाई न होने की बात कहकर उपभोक्ताओं को शांत कर रहे हैं। लंबे समय से सिलिंडर न मिलने पर गुस्साए उपभोक्ता एजेंसी संचालकों से बहस पर उतारू हो रहे हैं। ऐसे में कर्मचारी भी परेशान हो रहे हैं। मंडी, सुंदरनगर, बल्ह और सरकाघाट की गैस एजेंसियों के संचालकों ने बताया कि उनके यहां गैस सिलिंडरों की सप्लाई नियमित नहीं आने से उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रही हैं। गैस के इंतजार में सड़क किनारे बैठे उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर लेकर घर लौटना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें – हिमाचल संकट को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग संसद में उठाई जाएगी : प्रियंका गांधी
Shortage Of LPG – हालांकि वर्तमान में आ रही गाड़ियाें से नाममात्र ही सप्लाई हो पा रही है। शहीद यशवंत सिंह गैस एजेंसी नेरचौक के संचालक राम सिंह संग्रेहल ने बताया कि उन्हें चार लोड कम मिल रहे हैं। इस कारण गैस की कमी पेश आ रही हैं। इस संबंध में जिला खाद्य एवं आपूर्ति, उपभोक्ता मामले विभाग के नियंत्रक पवन कुमार ने बताया कि गैस की कमी चल रही है। अभी तक जिले में 57 लोड कम हैं। पिछले दिनों की अपेक्षा इन दिनों कुछ राहत उपभोक्ताओं को मिल रही है।

