आगरा : उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच में लाल रंग के लावारिस ट्रॉली बैग में महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने के सनसनीखेज मामले को पुलिस ने (Tamil Nadu Express Murder Case) सुलझा लिया है। मृतका की शिनाख्त ओडिशा निवासी 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में की गई थी।
Tamil Nadu Express Murder Case – इस नृशंस हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने 22 वर्षीय मुख्य आरोपी मणिकउद्दीन लश्कर और उसकी पत्नी भगवती मांझी को पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतका हयातुन निशा आरोपी मणिकउद्दीन की प्रेमिका थी। 5 अगस्त को जब ट्रेन आगरा कैंट पहुंची, तो यात्रियों ने बैग से खून रिसता देख तत्काल रेलवे प्रशासन व जीआरपी (GRP) को सूचना दी थी।
पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि यह बैग चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से ट्रेन में लोड किया गया था। वहां लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी दंपती बैग को ट्रेन के कोच में रखते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी चेन्नई से भागकर सीधे मणिपुर में छिप गए थे।
त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और विवाद
पुलिस पूछताछ के अनुसार, मणिकउद्दीन अपनी पत्नी भगवती मांझी और प्रेमिका हयातुन निशा दोनों के साथ ही चेन्नई में रह रहा था।किसी बात को लेकर मणिकउद्दीन और हयातुन के बीच गंभीर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रेमिका को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दोनों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को कटर से कई टुकड़ों में काटकर बैग में भरा तथा तमिलनाडु एक्सप्रेस में रखकर उसे आगरा की ओर रवाना कर दिया।
