- मंदिर निर्माण की अब तक की प्रगति रिपोर्ट देखेंगे
अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत कारसेवकपुरम में संचालित शारीरिक प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे। आज सुबह उन्होने वर्ग में पदाधिकारियों का मार्ग दर्शन किया। श्री भागवत दोपहर में रामलला का दर्शन करने के साथ ही राममंदिर निर्माण का कार्य कैसे चल रहा है, यह भी देखेंगे।
बता दें कि, कारसेवकपुरम में संघ के द्वारा पांच दिवस का शारीरिक अभ्यास वर्ग संचालित किया गया है। जिसके चलते संघ प्रमुख 20 व 21 अक्तूबर को संघ की सभी 45 प्रांत इकाईयों के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करने के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा भी करेंगे।
इसी के साथ वह विभिन्न प्रांतों से आए करीब 450 पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे और राष्ट्रवाद का जागरण करेंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा चुके हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी को सौंपी गई है। किसी को भी कार्यालय परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। संघ प्रमुख से सह सरकार्यवाह दतात्रेय होसबाले सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुलाकात भी की।
जानकारी मिल रही है कि मोहन भागवत आज रामलला का दर्शन करने जाएंगे। साथ ही साथ मंदिर निर्माण की प्रगति भी देखेंगे। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी अयोध्या में ही मौजूद हैं। वे ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ संघ प्रमुख को मंदिर निर्माण की अब तक की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत कर सकते हैं।