Rinku Singh Father Passed Away: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के युवा और विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. उनके पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया है. उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली. खानचंद सिंह लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और हाल ही में उनकी हालत काफी बिगड़ गई थी. रिंकू सिंह टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ही अपने पिता से मिलने आए थे.
रिंकू सिंह 23 फरवरी को टीम के साथ चेन्नई पहुंचे थे, जहां पहुंचने के बाद उन्हें अपने पिता के तबीयत बिगड़ने की खबर मिली थी. खबर मिलते ही रिंकू सिंह चेन्नई से अपने घर के लिए रवाना हो गए थे. उनके पिता को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनके पिता मैकेनिकल वेंटीलेटर पर थे और उन्हें निरंतर रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी.
इसे भी पढ़ें – IND vs ZIM: क्या टीम इंडिया को मिलेगा किस्मत का साथ? 1800 किलोमीटर दूर 4 घंटे में होगा फैसला
रिंकू सिंह ने पिता से मुलाकात करने के बाद वापस टीम से जुड़ने का फैसला लिया है, उनके इस फैसले की हर किसी ने तारीफ की थी. वह जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मुकाबले से एक दिन पहले टीम के साथ वापस जुड़ गए थे. हालांकि, वह मुकाबले के लिए प्लेइंग 11 में नहीं चुके थे और एक्स्ट्रा फील्डर के रूप में मैदान पर उतरे थे.
रिंकू सिंह के पिता गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे. वह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक गैस एजेंसी में काम करते थे, जहां वह घर-घर जाकर लोगों को कुकिंग गैस सिलेंडर पहुंचाते थे. उन्होंने परिवार की आर्थिक तंगी के (Rinku Singh Father Passed Away) बावजूद अपने बेटे रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में सहयोग किया. रिंकू सिंह की सफलता के बाद भी उनके पिता ने यह काम नहीं छोड़ा.


