रांची : नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले उन हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है, जिनके पास अब तक मैनुअल तरीके से बना हुआ जन्म प्रमाण पत्र है. अब ऐसे लोगों को घबराने या नए सिरे से आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि पुराने बर्थ सर्टिफिकेट धारकों को दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बारकोड युक्त नया (birth certificate will be digital) डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य पुराने रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित और भविष्य के उपयोग के लिए अधिक विश्वसनीय बनाना है.
birth certificate will be digital – दरअसल, नगर निगम द्वारा पूर्व में बड़ी संख्या में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र मैनुअल रूप से जारी किए गए थे. उस समय डिजिटल सिस्टम पूरी तरह लागू नहीं था. जिसके कारण प्रमाण पत्र हाथ से बनाए जाते थे. इसके साथ ही जिस एजेंसी को यह काम सौंपा गया था, उसने सभी रिकॉर्ड निगम को उपलब्ध नहीं कराए. नतीजतन अब इन प्रमाण पत्रों के सत्यापन में दिक्कतें सामने आ रही हैं. इसी समस्या के समाधान के लिए निगम ने बारकोड आधारित सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है.
निगम के सहायक प्रशासक ने दी जानकारी
नगर निगम की सहायक प्रशासक निहारिका तिर्की ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदक को स्वयं रजिस्ट्रार कार्यालय आकर आवेदन देना होगा. किसी भी प्रकार का नया प्रमाण पत्र बिना वेरिफिकेशन के जारी नहीं किया जाएगा. आवेदक को अपने पुराने जन्म प्रमाण पत्र के साथ पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे. इसके बाद संबंधित अधिकारी उपलब्ध रिकॉर्ड और आईटी सेल के डाटा से मिलान करेंगे. जिनका डाटा सही और वेरिफाइड पाया जाएगा, उन्हें ही नया बारकोड युक्त प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा.
