रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली (Raipur Crime News) वारदात सामने आई है। विवाहिता राज कुमारी साहू पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में माना थाना पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने महिला को जिंदा जलाने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि राजकुमारी का अन्य लोगों से बातचीत करना और संपर्क में रहना उसे बिल्कुल पसंद नहीं था।
Raipur Crime News – पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने से पहले पूरी योजना तैयार की थी। उसने अपना मोबाइल फोन बंद करके घर पर ही छोड़ दिया, ताकि उसकी लोकेशन पुलिस द्वारा ट्रेस न की जा सके। इसके बाद उसने पास के पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल खरीदा और अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में छिपाकर रख लिया। आरोपी पहले से ही घटना स्थल के भूगोल से परिचित था, इसलिए उसने राजकुमारी को मनाकर एयरपोर्ट के पीछे निर्माणाधीन और सुनसान रास्ते की ओर ले जाने की योजना बनाई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह राजकुमारी को एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले सुनसान मार्ग पर ले गया। वहां दोनों के बीच पुरानी बातों और संबंधों को लेकर तीखी बहस होने लगी। राजकुमारी के अन्य लोगों से संपर्क और उसकी शादी में आ रही अड़चन को लेकर वह पहले से ही गुस्से में था। विवाद बढ़ते ही आरोपी ने गाड़ी की डिक्की से पेट्रोल की बोतल निकाली और राजकुमारी पर उड़ेलकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते हुए सड़क पर भागने लगी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
एटीसी टावर के गार्ड ने देखी लपटें
एयरपोर्ट के पीछे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब आग की लपटों में घिरी महिला को देखा, तो उसने तुरंत माना थाना पुलिस को सूचना दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी मौत हो गई।


