लुधियाना। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी AAPका आधिकारिक चुनावी पैम्फलेट (Punjab AAP Campaign) जारी किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार के कामकाज और चुनावी गारंटियों का ब्योरा देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जनता से किए गए वादों से भी बढ़कर काम करके दिखाया है। पैम्फलेट जारी होने के साथ ही पंजाब में AAP का व्यापक स्तर पर घर-घर जाकर जनसंपर्क करने का अभियान रविवार से शुरू हो जाएगा।
साढ़े चार साल में पूरी कीं सभी गारंटियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वे जनता के बीच जाकर वादों की बात नहीं करेंगे, बल्कि अपनी सरकार द्वारा किए गए वास्तविक विकास कार्यों का हिसाब देंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने साढ़े चार साल के भीतर अपनी सभी गारंटियों को पूरा कर लिया है। सीएम ने कहा कि पहले सड़क हादसों में मौतों के मामले में पंजाब देश में शीर्ष पर था, लेकिन पद संभालते ही उन्होंने ‘रोड सेफ्टी फोर्स’ (SSF) का गठन किया, जिसकी सराहना आज केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी करते हैं।
3 प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित रहेगा प्रचार अभियान
यह राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान मुख्य रूप से तीन कार्यों पर केंद्रित रहेगा— सरकार की उपलब्धियां जनता को बताना, विपक्ष के खिलाफ आरोप-पत्र पेश करना और (Punjab AAP Campaign) व्यापक सदस्यता अभियान चलाना।गांव और वार्डों तक इस अभियान को पहुँचाने के लिए विंग और बूथ कमेटियों के 2.68 लाख कार्यकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है। इसके अलावा ब्लॉक व जिला प्रभारी, सभी विधायक, मंत्री और खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान भी घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे।
