- 07 अक्टूबर को वाराणसी से ही शुरू होगी प्रतिज्ञा यात्रा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा वाराणसी से पूर्वांचल में चुनावी बिगुल फूंकेंगी। आगामी 02 अक्तूबर को रोहनिया में महारैली को संबोधित कर चुनावी शंखनाद करेंगी। वाराणसी से ही प्रियंका गांधी प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत करेंगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने यह जानकारी दी। विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अब सक्रियता तेज कर दी है। बनारस के राजनीतिक अखाड़े में घमासान तेज होने के आसार नजर आ रहे हैं। प्रियंका गांधी बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर पूर्वांचल के चुनावी रण का श्रीगणेश करेंगी।
महानगर पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने कहा कि आगामी 02 अक्तूबर को वाराणसी के रोहनिया स्थित जगतपुर पीजी कॉलेज में बड़ी जनसभा का आयोजन करने जा रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी इसे संबोधित करेंगी।
राजेश तिवारी ने कहा कि प्रियंका गांधी की रैली में कई राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी की प्रतिज्ञा यात्रा सात अक्तूबर से वाराणसी से शुरू होगी। जो पूरे प्रदेश का भ्रमण करेगी। उन्होने कहा कि, इस बार हम सभी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में ज़मीनी स्तर और बूथ लेवल तक संगठन का निर्माण कर चुनाव लड़ने जा रहे हैं।