राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार से हरियाणा के (President Haryana Visit) दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव सहित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति भवन की ओर से सोमवार को जारी किए गए एक बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी की शोभा बढ़ाएंगी।इस अवसर पर वह सभी सार्वजनिक सड़क परिवहन सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना, हरियाणा ई-टिकटिंग परियोजनाओं का वर्चुअल रूप से शुभारंभ करेंगी। इसके अलावा सिरसा में एक मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रखेंगी। इसके साथ ही राष्ट्रपति एनआईटी कुरुक्षेत्र के 18वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।
इसे भी पढ़ें – संघ को लेकर दिए बयान पर राहुल गांधी के खिलाफ थाने में शिकायत
शाम को वह चंडीगढ़ में हरियाणा राजभवन में एक नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। इसे हरियाणा सरकार की ओर से उनके सम्मान में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति भवन के बयान में कहा गया है कि 30 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मू दिल्ली लौटने से पहले आशा कार्यकर्ताओं, महिला पहलवानों, ओलंपिक खिलाड़ियों और अन्य खिलाड़ियों के साथ-साथ छात्राओं से बातचीत करेंगी।हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल, अतिरिक्त डीजीपी आलोक मित्तल के साथ राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए कुरुक्षेत्र गए हैं। राष्ट्रपति मुर्मू की सुरक्षा के लिए लगभग 4,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि ब्रह्मसरोवर क्षेत्र में 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें – कबाड़ में बदले जाएंगे 15 साल पुराने सरकारी वाहन: गडकरी