पलामू : झारखंड के पलामू जिले की पुलिस ने सनसनीखेज पवन सिंह हत्याकांड का महज 24 घंटे के अंदर आधिकारिक तौर पर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी (Pawan Singh murder case) और मृतक के सगे मौसा रवि सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में जो सच्चाई सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है।
Pawan Singh murder case – दरअसल, मौसेरे भाई और बहन के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों छिपकर मुलाकात कर रहे थे, तभी लड़की के पिता (युवक के मौसा) ने उन्हें आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जिसके बाद मौसा ने लोक-लाज और गुस्से में आकर युवक को घर में रखे डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
शनिवार को सतबरवा थाना क्षेत्र के दुलसुलमा इलाके से पवन सिंह नाम के एक युवक का संदिग्ध शव बरामद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद पवन सिंह की मौत को आत्महत्या (सुसाइड) का रूप देने का सुनियोजित प्रयास किया गया था। शुरुआती तौर पर पवन सिंह के परिजनों ने इस पूरे मामले में पवन सिंह की प्रेमिका के पति एवं देवर पर पुरानी रंजिश के तहत हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
कमरे के अंदर देख भड़का मौसा का गुस्सा
प्रारंभिक तकनीकी अनुसंधान और कड़ियों को जोड़ने के क्रम में पुलिस को ऑनर किलिंग से जुड़ी चौंकाने वाली जानकारियां हाथ लगीं। मृतक पवन सिंह का अपनी ही सगी मौसेरी बहन के साथ प्रेम प्रसंग था। वह रात के वक्त अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था, इसी क्रम में कमरे के अंदर दोनों को लड़की के पिता ने रंगे हाथों देख लिया। यह देखते ही मौसा रवि सिंह का खून खौल उठा और उसने घर में रखे एक भारी डंडे से पवन सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटें लगने के कारण पवन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
