धनबादः तेल टैंकर की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार का पर्दाफाश हुआ है. उत्पाद विभाग ने एक ऐसे टैंकर को पकड़ा है, जिसमें तेल की जगह करीब 24 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट भरा हुआ था. इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब नेटवर्क में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी
धनबाद में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह की साजिश को नाकाम कर दिया है. सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर तोपचांची थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया.
टीम ने कोटाल अड्डा स्थित नेशनल हाइवे पर जिओ पेट्रोल पंप के समीप एक संदिग्ध तेल टैंकर को रोका और उसकी जांच शुरू की. शुरुआती जांच में टैंकर सामान्य तेल परिवहन का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब उसे खोला गया तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था.
तेल की आड़ में कच्चा स्प्रिट ले जाया जा रहा था
टैंकर से करीब 24 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद हुआ, जिसे तेल की आड़ में छुपाकर ले जाया जा रहा था. इस स्प्रिट का इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जाना था. बरामदगी के बाद मौके पर ही टैंकर को जब्त कर लिया गया.
पूछताछ के दौरान चालक ने कई अहम खुलासे किए. उसने बताया कि यह खेप गिरिडीह और हजारीबाग के अवैध शराब कारोबारियों तक पहुंचाई जानी थी. इसके बाद उत्पाद विभाग ने पूरे नेटवर्क को खंगालने की प्रक्रिया तेज कर दी है.
पुलिस की छापेमारी जारी
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सिर्फ चालक ही नहीं, बल्कि उसके पीछे सक्रिय बड़े गिरोह के सदस्यों की भी पहचान की जा रही है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी चल रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां भी होंगी.
फिलहाल आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.


