रायपुर: बहुचर्चित और करोड़ों के अवैध महादेव सट्टा ऐप (Mahadev Betting App) नेटवर्क के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा विदेश से भारत लाकर रायपुर लाया गया है। इस बड़ी सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी का यह (Mahadev Satta App Case) निरंतर प्रयास था कि इस मामले के मुख्य आरोपी को शिकंजे में कसा जाए और उसी कड़ी के तहत उसे अब रायपुर लाया गया है।
Mahadev Satta App Case – मुख्यमंत्री ने आगे स्पष्ट किया कि सौरभ चंद्राकर के पास महादेव सट्टा ऐप से जुड़ी तमाम अंदरूनी जानकारियां मौजूद हैं, जिनके सामने आने से अब कई बड़े खुलासे हो सकेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अवैध और काले कारोबार से किन-किन रसूखदार लोगों को ‘प्रोटेक्शन मनी’ (सुरक्षा शुल्क) और संरक्षण का पैसा जाता था, अब इन सभी गंभीर बातों से पर्दा उठ जाएगा। सीएम साय ने इसे कानून और जांच एजेंसियों की एक बहुत बड़ी सफलता करार देते हुए पूरी टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद इस पूरे आपराधिक नेटवर्क की परतें तेजी से खुलती चली जाएंगी।
दिल्ली रवाना होने से पहले सीएम साय ने दी प्रतिक्रिया
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आधिकारिक दौरे पर रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि रिन्यूएबल और ग्रीन एनर्जी (नवीकरणीय और हरित ऊर्जा) के क्षेत्र को बढ़ावा देने में इस दौरे से काफी मदद मिलेगी। वे दिल्ली में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जहां देश और दुनिया भर के प्रतिष्ठित उद्योगपति, विशेषज्ञ और निवेशक शामिल हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह स्पष्ट लक्ष्य है कि देश में हरित ऊर्जा के उपयोग को तेजी से बढ़ाया जाए, ताकि भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिए नई संभावनाएं और अवसर विकसित किए जा सके।


