रायपुर: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के चौथे दिन छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम सफलता का रहा. शनिवार को वेटलिफ्टिंग के 77 किलोग्राम महिला वर्ग में निकिता ने राज्य को प्रथम स्वर्ण पदक दिलाया. निकिता ने वेटलिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 160 किलोग्राम वजन उठाकर छत्तीसगढ़ के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता. निकिता ने स्नैच में 70 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 90 किलोग्राम वजन उठाया. दोनों ही वर्गों में उन्होंने संतुलित और प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा. इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम करते हुए छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्ण पदकों का खाता खोला.
निकिता ने दिलाया छत्तीसगढ़ को पहला गोल्ड
ओडिशा की जानी ने कुल 126 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक और असम की जॉयश्री पाटिर ने कुल 118 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता. खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रथम संस्करण में छत्तीसगढ़ के लिए यह पहला स्वर्ण पदक है. इस खेल के आने वाले कई संस्करणों में निकिता की इस स्वर्णिम कामयाबी को याद किया जाएगा. उनकी यह जीत प्रदेशभर के खिलाड़ियों को प्रेरित और उत्साहित करेगी.
कुश्ती में जम्मू कश्मीर और महाराष्ट्र फाइनल में
वहीं, सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में कुश्ती प्रतियोगिता की शानदार शुरुआत हुई. अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों से आए 144 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं. प्रतियोगिता के शुरुआत के साथ ही पहले दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. युवा पहलवानों ने अपनी तकनीक एवं रणनीति का जबरदस्त प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष फ्रीस्टाइल सीनियर में 74 किलोग्राम भार वर्ग में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन एवं महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार ने विभिन्न पड़ाव में जीत हासिल कर फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बनाई.
फ्रीस्टाइल सीनियर में 125 किलोग्राम भार वर्ग में तेलंगाना के बनोथ विनोद कुमार एवं महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलकार विजेता रहे. जिनके बीच आगे फ़ाइनल मुकाबला होगा. ग्रीको रोमन सीनियर 67 किलोग्राम भार वर्ग में गुजरात के वसावा मुकेश भाई एवं झारखंड के अंजीतकर मुंडा तथा 97 किलोग्राम भार वर्ग में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार एवं जम्मू-कश्मीर के शमा हुन के बीच आगे फ़ाइनल मुकाबले होंगे.
शनिवार को अलग-अलग राउंड्स में विजेता रहीं महिला सीनियर 50 किलोग्राम भार वर्ग में झारखण्ड की पूनम उरांव और तेलंगाना की के. गीता के बीच फाइनल मुकाबले होंगे. महिला सीनियर 62 किलोग्राम भार वर्ग में असम की देबी दैमारी एवं हिमाचल की प्रियंका चौधरी के बीच फाइनल मुकाबला होगा.
