कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिठूर स्थित रुद्राग्रीन अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिरकर हुई संभव खंडेलवाल की संदिग्ध मौत के प्रकरण में एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक को ऊंचाई से नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद (sambhav khandelwal death case) शुरुआती तौर पर पुलिस इसे एक दुर्घटना मान रही है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल उठाए हैं और घटना की निष्पक्ष एवं गहन उच्चस्तरीय जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।
कौशलपुरी के कारोबारी का इकलौता बेटा था संभव
मृतक संभव कौशलपुरी के रहने वाले प्रतिष्ठित व्यापारी विशाल खंडेलवाल का इकलौता पुत्र था। गत शनिवार को वह बिठूर स्थित रुद्राग्रीन अपार्टमेंट में रहने वाली एक परिचित युवती के फ्लैट पर गया था। पुलिस ने (sambhav khandelwal death case) युवती, उसकी माता और परिवार के अन्य सदस्यों से अलग-अलग दौर की पूछताछ की है। पूछताछ में उनके द्वारा यह बयान दिया गया है कि संभव के साथ किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ था और यह पूरी घटना महज एक दुर्घटना थी।
ऊंचाई से गिरने के कारण आंतरिक अंगों को पहुँचा गंभीर नुकसान
इस मामले से जुड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तथ्य भी सामने आ चुके हैं। डॉक्टरों के एक पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का परीक्षण किया, जिसमें शरीर पर लगभग 10 से 12 स्थानों पर चोट के निशान पाए गए। हालांकि, सिर पर कोई ऐसा गंभीर आघात नहीं था जिससे खोपड़ी फटने जैसी स्थिति बनी हो। डॉक्टरों के अनुसार, अधिक ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उसकी कई पसलियां बुरी तरह टूट गई थीं, जिससे हृदय और लिवर जैसे महत्वपूर्ण अंगों को गंभीर क्षति पहुँची। इन अंगों में आई गंभीर चोटों के कारण अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव हुआ, जो मौत का मुख्य कारण बना।


