बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां शीतला माता मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. वहीं, 6 से अधिक लोग (Nalanda Temple Stampede) घायल बताए जा रहे हैं. मौके पर पुलिस की टीम पहुंची है. राहत औऱ बचाव कार्य जारी है.
यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला मंदिर में हुई. यहां हर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई थी. इस दौरान भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते स्थिति धीरे-धीरे अनियंत्रित हो गई.
इसे भी पढ़ें – मुजफ्फरपुर में छात्रा के साथ दरिंदगी की आशंका, खेत में मिली लाश से इलाके में हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूजा के दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो कुछ ही पलों में भगदड़ में बदल गई. लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और बाहर निकलने की कोशिश में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए.
Nalanda Temple Stampede – घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. एंबुलेंस की गाड़ियां भी मौके पर भेजी गई हैं, जिनकी मदद से घायलों को तुरंत नालंदा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी भी की जा रही है.


